गारमेंट फैक्ट्री से 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार, माकड़ी को रोजगार हब बनाने की तैयारी
माकड़ी/कोंडागांव। माकड़ी क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने माकड़ी में 81.46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक लता उसेंडी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माकड़ी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।
गारमेंट फैक्ट्री बनेगी महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम

माकड़ी में 48.66 लाख रुपये की लागत से गारमेंट फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि कोंडागांव में स्थापित गारमेंट फैक्ट्री की तर्ज पर माकड़ी में भी गारमेंट फैक्ट्री शुरू की जा रही है। इसके संचालन से क्षेत्र की लगभग 150 महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने की संभावना है।
इस पहल से महिलाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार का अवसर मिलेगा, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
माकड़ी को रोजगार हब बनाने की तैयारी
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि माकड़ी को रोजगार हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। गारमेंट फैक्ट्री इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
81.46 लाख के इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन

माकड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 81.46 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें—
– बुढ़ासागर तालाब सौंदर्यीकरण – 21.00 लाख रुपये
– गारमेंट फैक्ट्री निर्माण – 48.66 लाख रुपये
– 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण – 7.80 लाख रुपये
– बंजारा समाज के पास रोड निर्माण – 3.00 लाख रुपये
शामिल हैं।
इसके अलावा विधायक लता उसेंडी ने प्लाटपारा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा मुख्य मार्ग से नयापारा तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की।
किसानों और महिलाओं के लिए भी नई पहल
विधायक ने बताया कि जिले में जल्द ही सब्जी मंडी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में नर्सरी विकसित करने की कार्ययोजना भी शुरू की जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
50 लखपति दीदियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत क्षेत्र की 50 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। इससे महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों को प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबति पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भगवती नेताम, नंदलाल राठौर, सरपंच श्रीमती रुक्मणी पोयाम, चंदन साहू, अनिल अग्रवाल, दीपेंद्र नाग, श्रीमती अनीता नेताम, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा शर्मा, वीरेन्द्र प्रधान सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
माकड़ी में विकास कार्यों के साथ रोजगार को जोड़ने की यह पहल क्षेत्र की महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।









