कानून व्यवस्था की समीक्षा के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
कोण्डागांव। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला पुलिस कार्यालय, कोण्डागांव में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) ने की। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराध प्रकरणों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। गंभीर एवं लंबित मामलों की विवेचना शीघ्र पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया।
फरार आरोपियों और वारंटियों पर कसेगा शिकंजा

पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली के निर्देश दिए। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ नियमित रात्रि गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
बैठक में सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने तथा अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। यातायात नियमों के पालन के लिए भी लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
गांव-गांव बढ़ेगा पुलिस का जनसंवाद
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
“कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती स्निग्धा सिंह, निरीक्षक श्री आलोक साहू एवं प्रधान आरक्षक श्री पन्नालाल देहारी को प्रदान किया गया।
वहीं “एम्पलाई ऑफ द मंथ” सम्मान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रधान आरक्षक लुमन सिंह भण्डारी, आरक्षक श्री बालचन्द नेताम एवं आरक्षक बीजू यादव को प्रदान किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए सतत प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई।









