कोण्डागांव के किसानों के खातों में पहुंचे 11 करोड़ 69 लाख रुपये, कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम; विधायक नीलकंठ टेकाम हुए शामिल
कोण्डागांव। जिले के हजारों किसानों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित की। इस अवसर पर कोण्डागांव जिले के 58 हजार 641 किसानों के खातों में कुल 11 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि पहुंची। इससे जिले के किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक संबल मिला।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिले के विकासखण्ड फरसगांव अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के बनासकांठा में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसानों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं एवं नई तकनीकों की जानकारी के लिए कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेना चाहिए।
विधायक टेकाम ने जिले के युवा एवं महिला किसानों द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसान इसी उत्साह और हौसले के साथ आगे बढ़ें तथा शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि क्षेत्र में निरंतर प्रगति करें।
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग नहीं होने पर अटक सकती है किस्त

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि जिन पंजीकृत किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित नहीं हुई है, वे अपनी ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग की स्थिति की जांच अवश्य कराएं। इसके साथ ही संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर खाते में आधार आधारित भुगतान की सुविधा सक्रिय कराना सुनिश्चित करें। किसान इन प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर अथवा कृषि विभाग के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं, ताकि आगामी किस्तों का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री मानकुराम नेताम, श्री तरुण साना, श्रीमती सोमादास सहित जनपद सदस्यगण, श्री सुकडु राम मण्डावी, श्री जेठुराम पोयाम, श्रीमती मनीषा नेताम, श्री सुकलाल मरकाम, श्री रामसाय मरकाम उपस्थित रहे। वहीं कृषि विभाग के उप संचालक श्री कैलाश मरकाम, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सुरेश मरकाम, डॉ. हितेश कुमार मिश्रा, श्री हरि देवांगन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।








