भाजपा की रीति-नीति और सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया पार्टी में शामिल होने का निर्णय, तिलक-चंदन और गमछा पहनाकर नवप्रवेशियों का किया अभिनंदन।
केशकाल। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर केशकाल विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आईं। धनोरा मंडल अंतर्गत ग्राम ईरागांव के 30 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया। इस अवसर पर विधायक कार्यालय केशकाल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा की रीति-नीति, विचारधारा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर ईरागांव के इन लोगों ने भाजपा परिवार में शामिल होने की इच्छा जताई। सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात विधायक नीलकंठ टेकाम ने सभी नए सदस्यों को तिलक-चंदन लगाकर एवं भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया।
इस दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम ने नवप्रवेशी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आकाश मेहता, धनोरा मंडल अध्यक्ष संतोष सिन्हा, केशकाल मंडल अध्यक्ष लंबोदर सलाम, केशकाल मंडल महामंत्री रोशन सिन्हा, मंडल महामंत्री सितेश सिन्हा, जनपद अध्यक्ष केशकाल नंदनी पोटाई, जनपद सदस्य हिरमो कुंजाम, संजय सेठिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ईरागांव के 30 से अधिक लोगों के पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में भाजपा संगठन की सक्रियता और विस्तार को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








