16 नवंबर को धनोरा में होगा संभाग स्तरीय आयोजन, समाज प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से मिले विधायक टेकाम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सहस्रबाहु अर्जुन जयंती समारोह का न्योता, विधायक नीलकंठ टेकाम की पहल पर कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति

केशकाल। भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जयंती के अवसर पर आगामी 16 नवंबर 2026 को ग्राम धनोरा में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने समाज प्रमुखों, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने समारोह में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

विधायक नीलकंठ टेकाम की इस पहल से भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जयंती समारोह को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है। ग्राम धनोरा में आयोजित होने वाला यह संभाग स्तरीय कार्यक्रम सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और समाज की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय विधायक के रूप में नीलकंठ टेकाम ने समाज के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर सक्रिय पहल की। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी दी और समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री द्वारा निमंत्रण स्वीकार किए जाने से आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में प्रसन्नता है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, भाजपा जिला महामंत्री विजय पोया, कलार समाज ब्लॉक अध्यक्ष दीपेश सेठिया सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment