नक्सलवाद के भय से मुक्त होकर विकास की नई राह पर बढ़ रहा बस्तर, 12 नए विद्युत उपकेंद्रों को मिली मंजूरी – लता उसेंडी

कोण्डागांव के राज्योत्सव में दिखा ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ का उत्साह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और युवाओं का हुआ सम्मान; कोसारटेंडा जलाशय से शहर तक पहुंचेगा पेयजल

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को स्थानीय विकास नगर मैदान में ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में विकास, जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

मुख्य अतिथि विधायक लता उसेंडी ने प्रदेश एवं जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कभी नक्सलवाद के भय और अशांति से प्रभावित रहा बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास, विश्वास और खुशहाली की नई राह पर तेजी से अग्रसर हो रहा है।

12 नए विद्युत उपकेंद्रों से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था

विधायक उसेंडी ने जिले की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले में 12 नए विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से पांच का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कोण्डागांव शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोसारटेंडा जलाशय से शहर तक जलापूर्ति योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजना पूरी होने पर शहरवासियों को आने वाले वर्षों में पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास में आम नागरिकों की भागीदारी को आवश्यक बताया।

बेलमेटल और काष्ठकला से देश-दुनिया में पहचान बना रहा कोण्डागांव

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि कोण्डागांव अपनी विशिष्ट बेलमेटल कला, काष्ठकला और लौह शिल्प के कारण देश-विदेश में अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में अब भय और अशांति की जगह विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। जहां कभी असुरक्षा का माहौल था, वहां आज स्कूलों की घंटियां गूंज रही हैं। उन्होंने महिलाओं को सम्मान, युवाओं को रोजगार और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को विकसित छत्तीसगढ़ की प्राथमिकता बताया।

महिलाओं की आर्थिक मजबूती और युवाओं की प्रतिभा को मिल रहा मंच

पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद कोण्डागांव सहित पूरे बस्तर में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हुआ है। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिलने तथा स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। वहीं बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

नक्सलमुक्त वातावरण से दूरस्थ अंचलों में विकास को मिली गति – कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नक्सलमुक्त वातावरण बनने के बाद दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दूरस्थ गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य जारी है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं भूमिहीन कृषि मजदूर योजना का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत माकड़ी ग्राम पंचायत को मॉडल सोलर ग्राम बनाने की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण तथा अमृत मिशन के तहत कोसारटेंडा जलाशय से कोण्डागांव शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पर भी कार्य किया जा रहा है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया। स्कूली बच्चों, लोक कलाकारों और पुलिस विभाग के जवानों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जीतेंद्र सुराना, जनपद पंचायत कोण्डागांव की अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, नंदलाल राठौर, रामदई नाग, भगवती नेताम, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, अनिल अग्रवाल, सोनामणि पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीएम अश्वन पुसाम, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

राज्योत्सव का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान, विकास की उपलब्धियों, महिला सशक्तिकरण और युवा शक्ति के संकल्प को समर्पित रहा।

Leave a Comment