केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त, राजस्थान का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महिन्द्रा XUV-500 में छिपाकर ले जा रहा था 407.910 किलो गांजा, 78 पैकेटों में मिला मादक पदार्थ; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

केशकाल/कोण्डागांव। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केशकाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 407.910 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सिल्वर रंग की महिन्द्रा XUV-500 कार सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। जब्त गांजा और वाहन समेत कुल मशरूका की कीमत 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 3 नवंबर 2026 को केशकाल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सिल्वर रंग की महिन्द्रा XUV-500 कार क्रमांक OD-10-V-7053 से मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। वाहन में चालक सीट पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम दीपक कुमार माली (31 वर्ष), निवासी नाथूखेड़ी, तहसील गोतारसी, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान बताया।

पुलिस द्वारा संदेही की तलाशी लेने पर उसके पास से रेडमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल और 1,100 रुपये नगद बरामद हुए। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई तो डैशबोर्ड के अंदर एक अतिरिक्त नंबर प्लेट RJ-23-UB-8472 मिली। वहीं चालक सीट के पीछे और वाहन की डिक्की में भूरे रंग के सेलोटेप से लिपटे 78 पैकेट रखे हुए मिले। जांच में इन पैकेटों में गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया, जिसका कुल वजन 407.910 किलोग्राम निकला।

पुलिस ने मौके से गांजा, महिन्द्रा XUV-500 वाहन, मोबाइल, नगदी एवं अतिरिक्त नंबर प्लेट सहित संबंधित सामग्री जब्त की। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये तथा वाहन की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार माली के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन, आरक्षक सदासिंह नेताम, मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, रामुलाल नेताम, दिनेश मरकाम, अजय सलाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी एवं गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment