नवरात्र पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

दुर्गा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की समझाइश, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

केशकाल। आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए केशकाल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में एसडीएम कार्यालय केशकाल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम आकांक्षा नायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्गा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में थाना प्रभारी विकास बघेल, जनपद पंचायत के सीईओ अनुराग सिन्हा, नगर की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा सर्व हिंदू समाज और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना रहा।

दुर्गा पंडालों में CCTV और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर

एसडीएम आकांक्षा नायक ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों को अपने-अपने पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। पंडालों के आसपास पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने आयोजन समितियों से सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व के आयोजन की तैयारी करने की अपील की।

विसर्जन से पहले प्रशासन को देना होगा रूट चार्ट

प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्रा को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। दुर्गा उत्सव समितियों को डीजे, शोभायात्रा की रूपरेखा और निर्धारित मार्ग का रूट चार्ट पहले से प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि विसर्जन के दौरान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर ढंग से की जा सके।

इसके साथ ही बिना पूर्व अनुमति के बड़े कार्यक्रम आयोजित नहीं करने, धार्मिक आयोजनों में निर्धारित नियमों का पालन करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में लागू दिशा-निर्देशों का ध्यान रखने की समझाइश दी गई।

अफवाहों से दूर रहें, आपसी भाईचारा बनाए रखें

थाना प्रभारी विकास बघेल ने नवरात्र पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें। शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।

शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने मांगा सहयोग

बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और दुर्गा उत्सव समितियों की सहभागिता के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों और नागरिकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने की अपील की, ताकि धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ केशकाल में सामाजिक सद्भाव, एकता और आपसी भाईचारे का वातावरण बना रहे।

Leave a Comment