नोडल अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश—शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर की सख्ती

कोण्डागांव। सेवा संकल्प अभियान को जिले में प्रभावी एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति आभार और ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प का अवसर है। अभियान के दौरान केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का फीडबैक लेकर समयबद्ध निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।

17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

कलेक्टर ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप से निर्देश देते हुए कहा कि 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने के कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने निर्धारित ग्राम पंचायतों का नियमित निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच रहा है या नहीं। साथ ही ग्रामवासियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें, यह सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव सहित फरसगांव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment