छिन्दली डीहीपारा में गूंजा भक्ति और आस्था का स्वर, देवी दाई कोलिया भेड़ीन देव गुड़ी का हुआ भव्य उद्घाटन

छिन्दली

पारंपरिक पूजा-अर्चना और ग्रामीणों की श्रद्धा से महका पूरा गांव, धार्मिक आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
कोंडागांव। ग्राम पंचायत छिन्दली डीहीपारा में काभोंगा परिवार की आराध्य देवी दाई कोलिया भेड़ीन के नव निर्मित देव गुड़ी का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक उल्लास और आस्था का अनूठा वातावरण देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक पूजा-विधि और जयकारों के बीच ग्रामीणों ने देवी की आराधना कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

देव गुड़ी उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम में गांव की सरपंच श्रीमती गणेशबती मरकाम, उपसरपंच छेदीलाल नेताम, शीतला पुजारी रामप्रसाद मरकाम, ग्राम प्रमुख चमरूराम मरकाम, दर्शन मरकाम, दलसाय मरकाम, सोमन मरकाम सहित समस्त वार्ड पंच, पटेल एवं ग्रामीणजन श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। ग्रामीणों ने इसे गांव की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि देव गुड़ी केवल पूजा का स्थल नहीं, बल्कि गांव की परंपरा, संस्कृति और आपसी भाईचारे का केंद्र है।

ग्रामीणों ने बताया कि आने वाले समय में यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजन किए जाएंगे, जिससे गांव की परंपराएं और अधिक मजबूत होंगी। आयोजन के अंत में सभी ग्रामीणों ने देवी दाई कोलिया भेड़ीन का आशीर्वाद प्राप्त कर गांव में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

Leave a Comment