कोंडागांव / बस्तर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 मार्च 2026 को लालबहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम, जनपद पंचायत बस्तर में संभाग स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे बस्तर संभाग से हजारों की संख्या में माताएं, बहनें, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और विभागीय कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कोंडागांव जिले के बडेराजपुर परियोजना क्षेत्र की विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्र की 10 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है।
इन्हीं में ग्राम पंचायत कोसमी चनाभर्री निवासी श्रीमती राधिका सोरी भी शामिल हैं, जिन्हें शासन की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है।
राधिका सोरी ने बताया कि इस सहायता राशि का उपयोग वे अपने पोता-पोती की पढ़ाई, परिवार के स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाकर बचत की शुरुआत भी की है।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि शासन की योजनाओं से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। महिलाओं ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे महिलाओं में उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।











