लो वोल्टेज से आक्रोशित किसान, 12 मार्च को विद्युत विभाग का घेराव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

केशकाल विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में मंगलवार को केशकाल के रावणभाटा मैदान में सैकड़ों किसानों ने बैठक कर गुरुवार 12 मार्च को विद्युत विभाग केशकाल कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया। बैठक के बाद किसान अनुविभागीय कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार नाराजगी जताई।

बैठक में केशकाल, बड़ेराजपुर और धनोरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने बिजली व्यवस्था को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती के कारण खेती-किसानी का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

किसानों का कहना है कि बिजली की कमी के कारण मोटर पंप सही तरीके से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे खेतों में लगी फसलों तक समय पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसका सीधा असर किसानों की मेहनत और उनकी फसलों पर पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि इस समस्या के कारण उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है। पिछले करीब 10 वर्षों से क्षेत्र के किसान लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस और प्रभावी पहल नहीं की गई। किसानों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बैठक में किसानों ने एक स्वर में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो 12 मार्च को विद्युत विभाग केशकाल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन को और उग्र रूप देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

किसानों ने मांग की है कि क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके और किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें।

बैठक में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश नेताम, प्रवीण अग्निहोत्री (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनोरा), महेंद्र नेताम (पूर्व जनपद अध्यक्ष), सगीर अहमद कुरैशी, देवचंद मतलम सहित संयोजक सुमन मंडावी, गिरधारीलाल सिन्हा, सिलुराम मरकाम, संजय ठाकुर, सोनुराम बैद्य, श्रीचंद शोरी, मनीराम गोटा, विनय अग्निहोत्री, ओमप्रकाश मरकाम और ललित सिन्हा समेत बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai