होली के बहाने घर पहुंचे युवक, पीड़िता को अकेला पाकर किया जघन्य अपराध – पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी आरोपी गिरफ्तार
कोण्डागांव।
जिले के थाना ईरागांव क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 05 मार्च 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाना ईरागांव पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान ग्राम बिन्झे के कमलेश मण्डावी (22 वर्ष) पिता मनीराम मण्डावी, मनोज मण्डावी पिता रुपसिंह मण्डावी तथा तीन विधि से संघर्षरत बालक होली के बहाने रंग-गुलाल लगाने उनके घर पहुंचे।
आरोपियों ने योजना बनाकर पीड़िता की मां को गांव में शराब लाने के बहाने बस्ती की ओर भेज दिया। मां के जाते ही आरोपियों ने पीड़िता को जबरन पकड़कर घर के कमरे में ले गए और वहां बारी-बारी से उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
कुछ समय बाद जब पीड़िता की मां वापस घर लौटी, तो दरवाजे के पास खड़ा एक विधि से संघर्षरत बालक उसे आते देख चिल्लाते हुए भाग गया। मां जब दरवाजे तक पहुंची तो कमरे के अंदर से आरोपी कमलेश मण्डावी, मनोज मण्डावी और अन्य बालक दरवाजा खोलकर भागने लगे। इस दौरान पीड़िता की मां ने कमलेश मण्डावी और मनोज मण्डावी को पकड़कर डंडे से मारपीट करते हुए भगाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी ईरागांव निरीक्षक कोमल राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गांव में घेराबंदी कर कमलेश मण्डावी, मनोज मण्डावी तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सभी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों कमलेश मण्डावी और मनोज मण्डावी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड लिया जाएगा।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ईरागांव निरीक्षक कोमल राठौर, थाना प्रभारी धनोरा भुनेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक विनोद चंदेल, अनिता मेश्राम, विष्णु नरेटी, प्रधान आरक्षक सुखबती सलाम, पंचू मरकाम, आरक्षक बुधराम मण्डावी, हर्षवर्धन नेताम, सरजू मरकाम, मंजीत पोयम तथा महिला आरक्षक चंपी नेताम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में कानून के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।










