कोंडागांव में छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरिधारी नायक ने मंगलवार को कोंडागांव जिले के प्रवास के दौरान जिला अस्पताल, छात्रावास, आंगनबाड़ी और पुलिस थाना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, बाल अधिकार संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा से एजेंडा अनुसार विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं और प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छात्रावास और अनाथ बच्चों की व्यवस्था पर विशेष जोर
आयोग के अध्यक्ष नायक ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से आश्रम-छात्रावासों में शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि छात्रावासों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त शौचालय एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने जिले में अनाथ बच्चों का सर्वे कर उन्हें बेहतर देखभाल और शिक्षा हेतु बाल गृह में प्रवेश दिलाने के निर्देश भी दिए।
लंबित पेंशन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षा विभाग से जर्जर विद्यालय भवनों और एकल शिक्षकीय विद्यालयों की जानकारी प्राप्त की।
स्वास्थ्य विभाग को कुष्ठ रोग की जांच, निदान और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही डॉग बाइट के मामलों की जानकारी लेकर अस्पतालों में एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिला अस्पताल, छात्रावास और आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण
बैठक से पूर्व नायक ने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया और लेबर वार्ड, एसएनसीयू तथा पोषण पुनर्वास केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र जुगानीकलार और थाना फरसगांव का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारीगण रहे उपस्थित
इस दौरान आयोग के संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल, डीएसपी माया असवाल, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी अभिनव उपाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











