कोंडागांव, प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत जिले के 8 प्रकरणों में कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। यह सहायता राशि मृतकों के वैध वारिसों को प्रदान की जा रही है, जिससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहण्डीगुड़ा तहसील के ग्राम पाढ़ापुर निवासी बोरजी की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनकी पुत्री देवो को 4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार मर्दापाल तहसील के ग्राम कागां निवासी जुगधर की डूबने से मृत्यु होने पर उनकी माता घसनी बाई को 4 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।
कोंडागांव तहसील के ग्राम बासगांव निवासी उषा की डूबने से मृत्यु होने पर उनके माता-पिता देवंती एवं गजुराम को 4 लाख रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, बड़ेराजपुर तहसील के ग्राम पीढ़ापाल निवासी सोभीराम की मृत्यु पर उनकी पत्नी सियाबती को 4 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में बड़ेराजपुर तहसील के ग्राम कोरगांव निवासी गोविंद की मृत्यु होने पर उनके माता-पिता संतोषी एवं राजकुमार को तथा ग्राम कोरगांव निवासी जयोबाई की मृत्यु होने पर उनकी पुत्री कुमारी एवं संगीता को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
कोंडागांव तहसील के ग्राम बड़ेभिरावण्ड निवासी चनउराम की मृत्यु होने पर उनकी पत्नी जानकी, पुत्र गोविंद, मनीष एवं पुत्रियां रजो और अनिता को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा केशकाल तहसील के ग्राम उपरमुरवेण्ड निवासी फुलेश्वरी मंडावी की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनके पति मंगलराम मंडावी को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना ने संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि शीघ्र ही संबंधित वारिसों के बैंक खातों में अंतरित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
प्रशासन द्वारा दी गई इस सहायता से पीड़ित परिवारों को कठिन समय में राहत और संबल मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील भी की है।










