बड़े राजपुर में कृषि विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न पीएम किसान योजना में शत-प्रतिशत पंजीयन के निर्देश, सोलर पंप व फसल विविधीकरण पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विश्रामपुरी
कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड बड़े राजपुर में साप्ताहिक विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के.के. मरकाम द्वारा की गई, जिसमें केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कृषि योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत विकासखंड के ऐसे किसानों, जिनका अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है, उनका शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने हेतु मैदानी अमले को सख्त निर्देश दिए गए। मरकाम ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष ₹6000 की राशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। आगामी किस्त का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों का एग्री-स्टेट पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य है। जिन किसानों का एग्री-स्टेट में पंजीयन नहीं होगा, वे आगामी किस्त के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

वर्तमान में विकासखंड बड़े राजपुर में 15,000 से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शेष पात्र किसानों का भी शीघ्र पंजीयन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए।

बैठक में सेलों नलकूप खनन, सोलर पंप स्थापना एवं सूर्य घर योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों के प्रकरण तैयार कर उन्हें लाभान्वित किया जाए।

इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर अन्य लाभदायक एवं कम जल खपत वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य भूमिगत जल स्रोतों के संरक्षण के साथ-साथ फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में रामलाल मरकाम, संतोष नेताम, देवेंद्र नेताम, किशोर मरकाम, सरवन नाग, डी.डी. नागवंशी, विनोद नाग एवं मनेश नेताम सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai