वन विभाग की उदासीनता से उजड़ रहे साल वन कागज़ों में सुरक्षा, ज़मीन पर हो रही अंधाधुंध कटाई — विभागीय मिलीभगत का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव
वनमण्डल कोंडागांव अंतर्गत आने वाले वनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय रिकॉर्ड में भले ही वन संरक्षण के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। हाल ही में मुलमुला वन परिक्षेत्र में सप्ताह भर पहले साल के सैकड़ों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का मामला सामने आया है, जिसने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलमुला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरसिलाटी से लगे वन क्रमांक 284 में बड़े पैमाने पर साल वृक्षों की अवैध कटाई की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जिस क्षेत्र में यह कटाई हुई है, वहां लगभग एक वर्ष पूर्व ही वन विभाग द्वारा जल संरक्षण के उद्देश्य से गड्ढे खुदवाए गए थे तथा वन संरक्षण के लिए सीपीटी (कंटूर ट्रेंच) नालियों का निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद उसी क्षेत्र में पेड़ों की कटाई होना विभाग की लापरवाही को उजागर करता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई संभव नहीं है। उनका कहना है कि यदि विभाग सतर्क होता, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

वन विभाग के मैदानी अमले द्वारा लगभग चार से पांच हेक्टेयर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की पुष्टि की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस संबंध में अधिकृत बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। विभाग के फॉरेस्ट गार्ड से लेकर मुलमुला परिक्षेत्र अधिकारी तक इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं।

हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक पेड़ काटने वालों के खिलाफ या कथित रूप से संरक्षण देने वाले विभागीय कर्मचारियों पर किसी ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वन संपदा का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। वन संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग ही यदि उदासीन रवैया अपनाएगा, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai