स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिला नर्सेस एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ वर्षों से लंबित मांगें रखीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

योगेश गोस्वामी

छत्तीसगढ़ प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नववर्ष के अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से उनके रायपुर स्थित निवास पर सौजन्य भेंट कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन ने नर्सिंग संवर्ग से जुड़ी वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से मंत्री के समक्ष रखा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा वेतन विसंगति, पदोन्नति, लंबित समयमान वेतनमान, परिवीक्षा अवधि के दौरान काटे गए स्टाइपेंड के एरियर्स सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों को विस्तार से रखा गया। प्रतिनिधियों ने नर्सेस की समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नर्सेस एसोसिएशन की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि इन विषयों पर जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर उचित और सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन से नर्सेस संगठन में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि मंत्री जी के साथ हुई चर्चा अत्यंत सकारात्मक रही है। इस मुलाकात के बाद संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और एक नई उम्मीद की किरण दिखाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया वर्ष नर्सेस के लिए खुशियों की सौगात लेकर आएगा।

मंत्री से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा के साथ प्रांतीय कोषाध्यक्ष तृप्ति साहू, प्रांतीय मीडिया प्रभारी किरण देवी निषाद, प्रांतीय कार्यकारी सदस्य योगिता वर्मा, गरियाबंद जिलाध्यक्ष घनश्याम सिन्हा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai