19 ग्राम पंचायतों की महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
बड़ेराजपुर।
केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ टेकाम ने बड़ेराजपुर में आयोजित विधायक ट्रॉफी अटल बिहान खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विधायक की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों की महिलाएं उत्साह के साथ भाग ले रही हैं।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत महिलाओं के लिए कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, मटका फोड़, मटका दौड़, जलेबी–गुलाब जामुन खेल, 100 मीटर दौड़, रस्सी कूद, सुई–धागा प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सामूहिक नृत्य, एकल नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि अगले वर्ष इस प्रतियोगिता को और वृहद स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में बड़ेराजपुर क्षेत्र की महिलाएं पूरे कोंडागांव जिले में अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
विधायक ने अपने उद्बोधन में प्रशासनिक व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि जब वे कोंडागांव जिले में कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे, तब बड़ेराजपुर में सप्ताह में दो बार जनपद कार्यालय लगवाने की व्यवस्था की गई थी। वर्तमान में उन्होंने जिला कलेक्टर से चर्चा कर बड़ेराजपुर में महीने में चार बार तहसील एवं जनपद कार्यालय लगाने की पहल की है। इससे क्षेत्रवासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े 15 विभागों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़ेराजपुर क्षेत्र का विकास और अधिक तेज होगा, जिससे क्षेत्रवासियों की आर्थिक और सामाजिक तरक्की सुनिश्चित होगी। साथ ही आवागमन के साधनों को भी और मजबूत किया जाएगा। वर्तमान में बड़ेराजपुर से कोंडागांव के लिए दिन में दो बार बस सेवा एवं बड़ेराजपुर से राजधानी रायपुर तक बस सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिसे आगे और विस्तार दिया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बड़ेराजपुर की सरपंच हेमबाई मरकाम, मंडल अध्यक्ष विश्रामपुरी मन्ना राम मरकाम, मंडल अध्यक्ष बड़ेराजपुर लालाराम मरकाम, जनपद सदस्य महामंत्री नवदीप सोनी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश सचिव संगीता पोयम, योगेश पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










