केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने मंगलवार 23 दिसंबर को केशकाल नगर में चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक टेकाम ने कहा कि लंबे समय से केशकाल नगरवासी एवं बस्तर से गुजरने वाले हजारों राहगीर जर्जर सड़क की समस्या से परेशान थे। अब उनके निरंतर प्रयासों से यह समस्या शीघ्र समाप्त होने वाली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द केशकाल को एक मजबूत, टिकाऊ और शानदार सड़क मिलेगी।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाए तथा कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण के बाद विधायक नीलकंठ टेकाम ने बस स्टैंड के पीछे निर्माणाधीन अटल परिसर का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केशकाल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने बताया कि उनके दो वर्ष के कार्यकाल में केशकाल विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। कई ऐसी योजनाएं भी स्वीकृत हुई हैं, जिनकी मांग पिछले 10 से 15 वर्षों से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि केशकाल विधानसभा में अब तक सबसे अधिक विकास कार्य इन्हीं दो वर्षों में स्वीकृत हुए हैं।
विधायक ने यह भी कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र की वर्षों पुरानी लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराकर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि केशकाल सड़क नवीनीकरण कार्य का वे लगातार निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।










