लक्ष्मीनाथ नाग
कोण्डागांव, 27 नवंबर 2025/ राज्य शासन के मंशानुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कोण्डागांव विकासखंड के धान खरीदी केंद्र गोलावण्ड में धान बेचने पहुंचे युवा किसान श्री सूरजूराम ने बताया कि उनके परिवार के पास 2 एकड़ कृषि भूमि है, जहां से उन्होंने इस वर्ष बेहतर उत्पादन लिया। आज वे कुल 41 क्विंटल धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुंचे।
उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई, साथ ही इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र के प्रयोग से खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी हो गई है।
जिले में अब तक 1 लाख 81 हजार क्विंटल से अधिक धान उपार्जित
खाद्य अधिकारी श्री नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 1,81,275 क्विंटल धान उपार्जित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि गुरुवार तक की स्थिति में सर्वाधिक धान खरीदी निम्नानुसार की गई—
उपार्जन केंद्र खरीदी (क्विंटल में)
बहीगांव 9545.60 क्विंटल
गम्हरी 8887.20 क्विंटल
अरण्डी 6461.60 क्विंटल
सिंगनपुर 6471.20 क्विंटल
फरसगांव 6455.20 क्विंटल
मुलमुला 6102 क्विंटल
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर, टोकन व्यवस्था के अनुसार ही धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे, जिससे खरीदी प्रक्रिया और अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सके।










