विधायक सुश्री उसेण्डी ने मुलमुला से धान खरीदी कार्य का किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

कोंडागांव में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत जिले के मुलमुला धान उपार्जन केन्द्र में शुक्रवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।

शुभारंभ अवसर पर विधायक ने धान लेकर पहुंचे किसान को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

किसानों के लिए पारदर्शी खरीदी—विधायक

विधायक सुश्री उसेण्डी ने किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आज से पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शासन द्वारा किसान निधि सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका अधिकाधिक लाभ किसानों को लेना चाहिए।

जिले के 67 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। इसी क्रम में कोंडागांव जिले के 67 उपार्जन केंद्रों में आज से धान खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। जिला प्रशासन ने शासन के निर्देशानुसार सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएँ पूरी कर ली हैं।
शासन द्वारा ऑनलाइन टोकन सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप से घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, जनपद सदस्य श्रीमती लालमती देवांगन, श्री जीतू सुराना, विभिन्न ग्रामों के सरपंचगण, एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, खाद्य अधिकारी श्री नवीन चंद्र श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा खरीदी केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित था।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai