बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के साथ जिला स्तरीय शिविर संपन्न, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कोण्डागांव, 11 जून। सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत जिले का अंतिम जिला स्तरीय शिविर गुरुवार को जनपद पंचायत केशकाल अंतर्गत ग्राम पंचायत धनोरा में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से सांसद को अवगत कराया, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र, सामग्री एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि “सरकार की मंशा है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।” उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अन्य पात्र लोगों को भी इसकी जानकारी दें।
शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी राकेश पोटाई, जिला पंचायत सदस्य कपिलकांत नाग, जनपद सदस्य हिरमो कुंजाम, संतोष सिंह सहित क्षेत्र के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








