जंगल में सज रही थी जुए की महफिल, फरसगांव पुलिस ने मारी रेड

4 जुआरी गिरफ्तार, नगदी, मोबाइल और 7 दोपहिया वाहन जब्त

फरसगांव। जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फरसगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम कुम्हांग के जंगल में महुआ पेड़ के नीचे संचालित हो रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी राशि, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते तथा सात दोपहिया वाहनों सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुम्हांग के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग ताश के 52 पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हरिराम नेताम (35), राजकुमार कोर्राम (32), नरेंद्र कुमार बघेल (35) एवं गजानंद कुमार ताम्रकार (29) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 9,250 रुपये नगद, ताश के 52 पत्ते, चार मोबाइल फोन, एक प्लास्टिक बोरी तथा मौके पर खड़े सात दोपहिया वाहन जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा-3 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास्तव, उप निरीक्षक भोजराम भारस्कर, प्रधान आरक्षक फूललाल मरकाम, आरक्षक हीरास मंडावी, शेष पटेल, लक्ष्मीकांत यादव, राजेश यादव, विशेष कोर्राम, बालसाय तथा साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment