श्रमिकों के बीच पहुंचे विधायक नीलकंठ टेकाम, 20 लाख के सामुदायिक भवन की दी सौगात

बाड़ागांव में जमीन से प्रकट शिवलिंग के किए दर्शन, बोले – यह क्षेत्र बनेगा धार्मिक और पर्यटन का बड़ा केंद्र
विकासखंड बड़ेराजपुर के अंतर्गत ग्राम पेंड्रावन में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ टेकाम ने श्रमिकों के बीच पहुंचकर उन्हें बड़ी सौगात दी। विधायक ने श्रमिकों की सुविधा एवं सामाजिक आयोजनों के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। विधायक के इस ऐलान से श्रमिकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सम्मेलन के दौरान श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया, वहीं श्रमिक कार्ड भी बनाए गए ताकि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंच सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रमिक संघ के अध्यक्ष द्वारा की गई। उन्होंने विधायक द्वारा सामुदायिक भवन की सौगात दिए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के श्रमिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में आसपास के गांवों से लगभग 150 से अधिक श्रमिकों की उपस्थिति रही। सम्मेलन के दौरान विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हित में लगातार कार्य कर रही है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

इसी क्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम अपने दौरा कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बाड़ागांव भी पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास निर्माण के दौरान जमीन से प्रकट हुए भगवान शिवलिंग के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। शिवलिंग के दर्शन के लिए आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है और क्षेत्र में धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के बीच विधायक ने कहा कि इस स्थान पर मंदिर निर्माण के लिए जितनी भी राशि की आवश्यकता होगी, उसका प्रबंध उनके द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र धार्मिक एवं पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में पहचाना जाएगा।

विधायक ने कहा कि बाड़ागांव क्षेत्र प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से कुछ दूरी पर स्थित मानझीनगढ़, भारतमाला परियोजना के तहत बन रही सड़कें एवं टनल, साथ ही पेंड्रावन माता मंदिर की देश-विदेश में प्रसिद्ध मान्यताएं इस क्षेत्र को पर्यटन की नई पहचान देंगी। उन्होंने कहा कि माता मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और अनेक लोगों की मनोकामनाएं यहां पूरी होने की मान्यता है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनाराम मरकाम, भाजपा जिला मंत्री अंजोरी नेताम, रविन्द्र पांडे, जीवन दास मानिकपुरी, दुखा मरकाम, लखन नेताम, सुनील जैन, मालों नेताम, दलसाय परस्ते, भांजदेव वैध, बुधमन मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment