पेट्रोल पम्प चोरी कांड का खुलासा: शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की वारदात का पर्दाफाश

केशकाल/कोंडागांव। पेट्रोल पम्प में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामला थाना केशकाल में दर्ज अपराध क्रमांक 71/26 धारा 305, 331 (4) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध किया गया था।
प्रार्थी द्वारा 19 अप्रैल 2026 को थाना केशकाल में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र एवं एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दिगर जिला जगदलपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी गोपाल थापा उर्फ गोपाल साउत (23 वर्ष) निवासी शांतिनगर, जगदलपुर जिला बस्तर (छत्तीसगढ़) ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने 16 अप्रैल 2026 की रात करीब 01:00 से 02:00 बजे के बीच मुकेश पेट्रोल पम्प, केशकाल के ऑफिस में घुसकर दराज में रखे 55,000 रुपये नकद एवं एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी किया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9120 रुपये नकद एवं चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को 25 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक गुलाब टंडन, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण जैन, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, आरक्षक अमित मंडावी, साइबर सेल कोंडागांव के आरक्षक जितेंद्र मरकाम एवं आरक्षक बीजू यादव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता से चोरी का खुलासा, क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत

Leave a Comment