तोकापाल कॉलेज में पृथ्वी दिवस पर विविध रचनात्मक गतिविधियाँ, छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

लक्ष्मीनाथ नाग कोंडागांव

शहीद हरचंद नाईक शासकीय महाविद्यालय तोकापाल में एनसीसी 10 सीजी स्वतंत्र कम्पनी जगदलपुर के तत्वावधान में विश्व रचनात्मक एवं नवाचार दिवस तथा पृथ्वी दिवस के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक एवं पर्यावरणीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नवोन्मेषी (नवाचार) विचार प्रतियोगिता, पर्यावरण-अनुकूल रचनात्मक कला एवं पोस्टर प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एनसीसी के केयर टेकर डॉ. ज्ञानचंद्र साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रचनात्मकता ही वैश्विक प्रगति का आधार है। शिक्षा, तकनीक और उद्योग में नवाचार के माध्यम से ही व्यवहारिक समाधान संभव हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में रचनात्मक सोच मनुष्य को जीवंत और संघर्षशील बनाती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईको क्लब प्रभारी प्राध्यापक श्रीमती मंजूश्री चेरपा बघेल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पृथ्वी केवल हमारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है। उन्होंने छात्रों से पेड़ लगाने, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और ऊर्जा बचत जैसे छोटे-छोटे प्रयासों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देना एवं पृथ्वी के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन ईको क्लब प्रभारी श्रीमती मंजूश्री चेरपा बघेल द्वारा किया गया।

Leave a Comment