लक्ष्मीनाथ नाग कोण्डागांव
थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम भोंगापाल में रविवार को चलित थाना लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन से थाना प्रभारी रोशन कौशिक के द्वारा भोंगापाल
बाजार में पहुंचे ग्रामीणों को पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से बचने तथा नए कानूनों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है और खाते से पैसा आहरण कर लिया जाता है, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी थाना को भी सूचना दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों को यह भी समझाइश दी गई कि नाबालिग बालक-बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, गांव में घूम रहे फेरीवालों या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को देने तथा किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत थाना तक पहुंचाने की अपील की गई।
पुलिस द्वारा गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नए कानूनों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। इस दौरान चलित थाना में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।











