अबीर-गुलाल और फाग गीतों के बीच संपन्न हुआ प्रेस क्लब का होली मिलन समारोह कलेक्टर-एसपी, पूर्व मंत्री व नपा अध्यक्ष सहित पत्रकारों ने साझा की रंगोत्सव की खुशियाँ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग
कोंडागांव। जिले के पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच आपसी सौहार्द व उत्साह का रंग घोलते हुए कोंडागांव प्रेस एंड मीडिया सह प्रेस क्लब द्वारा रविवार 8 मार्च को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं।

समारोह में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, एसपी पंकज चंद्रा, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपती पटेल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अबीर-गुलाल की रंगीन फुहारों और फाग गीतों के साथ माहौल पूरी तरह रंगमय हो उठा। वहीं नगाड़ों की थाप और उत्सव के उल्लास ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सोनपिपरे ने अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए क्लब के पदाधिकारियों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी को होली पर्व की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पत्रकारों, प्रशासन और समाज के बीच आपसी संवाद व सौहार्द को नई मजबूती मिलती है।

वहीं पूर्व अध्यक्ष इसरार अहमद ने कहा कि प्रेस क्लब में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत आनंददायक रहा। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक समरसता, संस्कृति और विकास को बल मिलता है तथा आपसी सामंजस्य और भी मजबूत होता है। यह आयोजन रंगों और उमंगों का संगम होने के साथ-साथ पत्रकारिता जगत से जुड़े साथियों के साथ संवाद का एक बेहतर अवसर भी रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सोनपिपरे ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने वाले पदाधिकारी रमाकांत सिन्हा, अनुज नाहरिया, अंजय यादव सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

होली मिलन समारोह के इस रंगारंग आयोजन ने पत्रकारों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्द, सहयोग और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत किया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai