विश्रामपुरी, कोंडागांव। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनने के बाद श्रीमती संतोषी देवांगन एवं जिला कार्यसमिति सदस्य तथा पूर्व सरपंच शकुनदई नेताम के विश्रामपुरी मंडल में प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चंदन-गुलाल, पुष्पमालाओं और तालियों की गूंज के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंडल अध्यक्ष मनाराम मरकाम ने सभी कार्यकर्ताओं का परिचय जिला अध्यक्ष से कराया। जिला अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
यह कार्यक्रम संगठन के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित प्रवास कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसमें संगठनात्मक मजबूती एवं आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्रीमती संतोषी देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की प्रत्येक बैठक और रैली में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिसका परिणाम है कि उन्हें संगठन ने जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व से सम्मानित किया। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना और पार्टी की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी योजना जैसे प्रयास महिलाओं को सशक्त बना रहे हैं। महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता है और संगठन इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुश्री अनीता नेताम, जिला महामंत्री रविन्द्र पाण्डे, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती सरिता नेताम, सरपंच पुष्पा चांदेकर, सरपंच प्रभु नेताम, ताराचंद सेठिया, विवेक चांदेकर, राधा यादव, चंद्रकला सोनी, पद्मनी कश्यप, प्रमिला निषाद, कुमेश्वरी समरथ, अनुराधा वैध, शांति मरकाम, शांति मांझी, सकून शोरी, सविता मरकाम, तुलसी सोम, रामेश्वरी नेताम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।











