प्रशिक्षण से परिवर्तन की ओर कदम
35 पुनर्वासित व्यक्तियों को स्मार्टफोन व प्रशिक्षण किट का वितरण
कोण्डागांव में पुना मार्गेमरू पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल के अंतर्गत ग्राम देवखरगांव में संचालित पुनर्वास केन्द्र का मंगलवार को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में रह रहे पुनर्वासित व्यक्तियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण, शासकीय योजनाओं के लाभ एवं भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में 35 पुनर्वासित व्यक्तियों को स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट प्रदान की गई, जिससे वे तकनीकी रूप से सशक्त होकर प्रशिक्षण का बेहतर लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि शासन की मंशा है कि हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटे व्यक्तियों को कौशल विकास, रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। उन्होंने पुनर्वासितों से अपील की कि वे प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण समर्पण एवं अनुशासन के साथ उपयोग करें तथा यहां अर्जित ज्ञान को अपने गांवों तक भी पहुंचाएं।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने पुनर्वास केन्द्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण उपरांत पुनर्वासित व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।
वहीं पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने पुना मार्गेमरू पुनर्वास से पुनर्जीवन योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश दांडे एवं कौशलेन्द्र देव पटेल, पुनर्वास केन्द्र प्रभारी पुनेश्वर वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










