स्वच्छता से सौंदर्य तक: फरसगांव को मिला सर्वसुविधायुक्त चिल्ड्रन पार्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया लोकार्पण, 1.95 करोड़ के 39 विकास कार्यों की सौगात
नगर पंचायत फरसगांव में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता लक्षित इकाई (CTU) के तहत विकसित किए गए सर्वसुविधायुक्त चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया। कभी झाड़ियों और गंदगी से घिरा यह स्थल अब बच्चों के मनोरंजन और नागरिकों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक उद्यान के रूप में विकसित हो गया है।

इस अवसर पर विधायक टेकाम ने नगर पंचायत फरसगांव क्षेत्र में कुल 1 करोड़ 95 लाख 43 हजार रुपये की लागत से किए जाने वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इनमें 12 कार्यों का लोकार्पण तथा 27 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

इन विकास कार्यों में प्रमुख रूप से स्ट्रीट लाइट विस्तार, सीसी सड़क निर्माण, आरसीसी नाली निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, आहता निर्माण एवं पासंगी शीतला मंदिर में शेड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य सम्मिलित हैं, जो नगर के समग्र विकास को गति देंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकता है और ऐसे विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, उपाध्यक्ष मूलचंद पांडे, पार्षद शैल सेठिया, नरेंद्र गौर, विनोद पांडे, सीएमओ मयंक कुमार बसंतवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लोकार्पण के पश्चात चिल्ड्रन पार्क में लगाए गए झूलों और खेल उपकरणों का आनंद लेने के लिए बच्चों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai