धान खरीदी उप केंद्र की मांग को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

ग्राम कबोंगा में उप केंद्र संचालित करने की मांग, सैकड़ों किसानों ने किया एकदिवसीय धरना प्रदर्शन
अखिल भारतीय किसान महासभा जिला कोण्डागांव के नेतृत्व में आज सैकड़ों किसानों ने डी.एन.के. मैदान में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर वर्ष 2025 से ग्राम कबोंगा में धान खरीदी का उप केंद्र संचालित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को संबोधित ज्ञापन कलेक्टर कोण्डागांव के माध्यम से तहसीलदार कोण्डागांव को सौंपा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिनेश मरकाम एवं किसान नेता अर्जुन नेताम के नेतृत्व में सरादू सोढ़ी, छबीलाल नेताम, पुनउराम सोरी, राजू वट्टी, शिवराम सोरी, नंदू नेताम, सिरनाथ बघेल, दुआरु नेताम, मानकू नेताम, बालसाय नेताम, सूरज नेताम, बिरसिंग बघेल, दशरथ नेताम सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ग्राम कबोंगा, कोसागांव, हांथीपखना, सिरसीकलार, कुम्हारबड़गांव सहित आसपास के ग्रामों के किसान लंबे समय से ग्राम कबोंगा में धान खरीदी उप केंद्र की मांग कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि वर्ष 2022-23 से लगातार शासन-प्रशासन को निवेदन किया जा रहा है और तत्कालीन विधायक केशकाल द्वारा भी उप केंद्र संचालित करने हेतु अनुशंसा की गई थी।
इसके बावजूद वर्ष 2023 एवं 2024 में उप केंद्र नहीं खोला गया, और वर्ष 2025 में भी तैयारी न होने से किसानों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
किसानों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि वर्ष 2025 से ग्राम कबोंगा में धान खरीदी उप केंद्र संचालित नहीं किया गया, तो अखिल भारतीय किसान महासभा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai