35 लाख रुपये की संपत्ति लौटाकर कोण्डागांव पुलिस ने जीता लोगों का भरोसा, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और सीमावर्ती राज्यों तक पहुंची तकनीकी टीम
कोण्डागांव। गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी राहत की खबर दी है। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस की तकनीकी टीम ने 151 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।

मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस की तकनीकी टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आधुनिक तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की जानकारी और उसके उपयोग किए जा रहे स्थानों का पता लगाया। जांच के दौरान कई मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों में उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित स्थानों पर समन्वय स्थापित कर पुलिस ने एक-एक कर मोबाइल फोन बरामद किए।
लंबे इंतजार के बाद हाथ में लौटा अपना मोबाइल
बरामद किए गए मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS द्वारा उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने कोण्डागांव पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
मोबाइल लौटाने के साथ साइबर ठगी से बचने का संदेश
मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और फर्जी KYC अपडेट, बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कस्टमर केयर, डिजिटल अरेस्ट सहित ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से सावधान रहें।
ठगी का शिकार हों तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो समय गंवाए बिना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और नजदीकी पुलिस थाना को भी सूचना दें।
गुम मोबाइल के लिए पुलिस को दें तत्काल सूचना
कोण्डागांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। मोबाइल का IMEI नंबर और खरीदी का बिल सुरक्षित रखना बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस की तकनीकी टीम उपलब्ध जानकारी के आधार पर गुम मोबाइल को ट्रेस करने का लगातार प्रयास करती है।
151 मोबाइल की बरामदगी और करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति की वापसी ने एक बार फिर साबित किया है कि तकनीक और पुलिस के सतत प्रयास से गुम हुई संपत्ति को वापस पाया जा सकता है।
कोण्डागांव पुलिस — हमेशा आपके साथ।
आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।









