“एक पेड़–एक जीवन” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प; विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पेड़ों को बांधी राखी
विश्रामपुरी
विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत बीरापारा अंतर्गत ग्राम बावनपुरी, विश्रामपुरी में गुरुवार को वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन परिक्षेत्र बड़ेराजपुर-विश्रामपुरी एवं वनमंडल केशकाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने मैंदा प्रजाति के पौधे का रोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में “हमारा संकल्प–एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत” की शपथ दिलाई गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों ने पेड़ों को राखी बांधी और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
ग्रीन बाउंड्री से लेकर पौधों की देखभाल तक पर जोर
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि क्षेत्र को हरा-भरा बनाना बच्चों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के शासकीय संस्थानों में ग्रीन बाउंड्री विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल को अपनी जिम्मेदारी बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।
मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां अथवा परिवार के नाम पर पौधा लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वन विभाग वनों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य कर रहा है। नागरिकों से वृक्षों की कटाई रोकने तथा लघु वनोपज के संग्रहण एवं प्रसंस्करण से मिलने वाले लाभ का उपयोग करने की भी अपील की।
हितग्राहियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
वन महोत्सव के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। राज मोहिनी देवी अनुदान योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को कुल 2 लाख 30 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के तहत छह छात्राओं को कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि दी गई।

वर्ष 2026 में सर्वाधिक तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले तीन संग्राहकों को कुल 1 लाख 31 हजार रुपये, जबकि वर्ष 2023 के तीन संग्राहकों को 48 हजार 606 रुपये के चेक प्रदान किए गए। वनों के संवर्धन एवं संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 8 संयुक्त वन प्रबंधन समितियों और 11 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष नंदनी पोटाई, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, ग्राम पंचायत बीरापारा की सरपंच राधा मरकाम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अध्यक्ष सुकमन नेताम, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष मानकू राम नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हिरासिंह नेताम, जनपद सदस्य चन्द्ररेखा मरकाम, वन मंडलाधिकारी केशकाल दिव्या गौतम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अशवन पुसाम, एसडीओ सुषमा नेताम सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हर पौधा बने भविष्य की उम्मीद
वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में लिया गया संकल्प पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देता नजर आया। वन महोत्सव के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने हरित, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।









