जिला स्तरीय तुलसी जयंती समारोह की तैयारियां तेज, प्रभात फेरी से होगा भव्य आगाज
कोंडागांव, 16 अगस्त। जिला स्तरीय तुलसी जयंती समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में ग्राम ओटेण्डा में तुलसी मानस प्रतिष्ठान की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष गुप्तेश्वर बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की रूपरेखा एवं आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि 30 अगस्त 2026, रविवार को ग्राम ओटेण्डा में जिला स्तरीय तुलसी जयंती समारोह आयोजित होगा। इसके एक दिन पूर्व 29 अगस्त की शाम धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 30 अगस्त को भव्य प्रभात फेरी एवं नगर भ्रमण के साथ समारोह का आगाज होगा, जिसके बाद मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रामचरितमानस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
प्रभात फेरी के माध्यम से भगवान श्रीराम, गोस्वामी तुलसीदास एवं रामचरितमानस के आदर्शों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। समारोह को और आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय सहित विभिन्न क्षेत्रों की मानस मंडलियों को आमंत्रित किया जाएगा।
जन्मदिन पर जिला अध्यक्ष को मिली शुभकामनाएं
बैठक का खास संयोग यह रहा कि तुलसी मानस प्रतिष्ठान के जिला अध्यक्ष गुप्तेश्वर बघेल का जन्मदिवस भी 16 अगस्त को था। इस अवसर पर तुलसी मानस प्रतिष्ठान के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने हर्षोल्लास के साथ उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने समारोह को सफल एवं भव्य बनाने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
ओटेण्डा तैयार है… 30 अगस्त को सजेगा रामभक्ति का मंच और गूंजेगा रामचरितमानस का संदेश।









