भोंगापाल। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हाई स्कूल भोंगापाल में आयोजित समारोह देशभक्ति और शिक्षा के संदेश से सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं की 10 छात्राओं को निशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। वहीं ग्रामीणों को साक्षरता शिक्षा के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भोंगापाल के सरपंच रामसाय नाग ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई में नियमितता आएगी।
विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री भानू राम नाग ने कहा कि भोंगापाल क्षेत्र कभी नक्सली गतिविधियों के कारण चुनौतीपूर्ण क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शांतिपूर्ण वातावरण का लाभ उठाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलानी होगी और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने होंगे।
कार्यक्रम में दिनेश सोरी, फूलसिंह कोर्राम, लक्ष्मणश्री सिंह दीवान, पंचायत सचिव कपिल साहू सहित सभी पंचगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांव के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्र में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। हाई स्कूल भोंगापाल में आयोजित समारोह में प्रभारी प्राचार्य, संकुल सीएससी एवं शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर दिखी खुशी, शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम — स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का संदेश दे गया।








