लक्ष्मीनाथ नाग
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर विकास नगर स्टेडियम कोण्डागांव में आयोजित राज्य महोत्सव के तीसरे दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव की ओर से विधिक जागरूकता स्टॉल लगाया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार लगाए गए इस स्टॉल में आम नागरिकों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, नेशनल लोक अदालत की प्रक्रिया, महिला, बालक, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों के संरक्षण संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई।
प्राधिकरण के अधिकारियों व स्वयंसेवकों ने पंपलेट वितरण कर और प्रोजेक्टर के माध्यम से लघु फिल्में प्रदर्शित कर विधिक जागरूकता का संदेश दिया। आमजन को बताया गया कि हर नागरिक को न्याय पाने का समान अवसर प्राप्त है और आर्थिक स्थिति न्याय के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, आमजन एवं स्थानीय नागरिकों ने स्टॉल का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। इस पहल को विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम बताया गया।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चन्द्रा, अपर सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.एस.सी. पॉक्सो) यशोदा नाग, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय, प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारी कु. रीमा लकड़ा, प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट, कर्मचारी दिलीप कुमार नाग एवं अधिकार मित्रगण उपस्थित रहे।










