लक्ष्मीनाथ नाग
शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में जनसहभागिता आवश्यक – विधायक सुश्री लता उसेण्डी
सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति
कोण्डागांव,
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत रविवार को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का भव्य शुभारंभ स्थानीय विकास नगर स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। तत्पश्चात विधायक सुश्री उसेण्डी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया।
विधायक लता उसेण्डी ने कहा – “सहभागिता से योजनाओं के परिणाम और प्रभावी बनते हैं”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री उसेण्डी ने जिलेवासियों को रजत महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी निर्णय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद इन 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प रखा है, उसे साकार करने में छत्तीसगढ़ की भागीदारी अहम होगी। शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में समाज की सहभागिता जरूरी है। जब जनता योजनाओं से जुड़ती है, तब उनके परिणाम भी सकारात्मक होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जिले में सुपोषित जीवन अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य कुपोषण को जड़ से समाप्त करना है। साथ ही उन्होंने जिला अस्पताल में शुरू की गई दीदी की रसोई की सराहना करते हुए कहा कि इससे मरीजों के परिजनों को सस्ता और स्वच्छ भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
कलेक्टर ने बताया – जिले में योजनाओं का हो रहा प्रभावी क्रियान्वयन
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि जिले में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (पाम ऑयल) योजना के तहत किसान तेजी से आगे आ रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत भी जिले में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के कार्य को गति मिली है। उन्होंने कहा कि यह एक नवीकरणीय ऊर्जा का बड़ा स्रोत है, जिससे न केवल ऊर्जा की बचत होगी बल्कि पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री नरपति पटेल और पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोण्डागांव जिला बनने के बाद विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
लोक संस्कृति की झलक से सजी सांस्कृतिक संध्या
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चिरैया लोकमंच की टीम ने बस्तर की पारंपरिक लोक गीतों और छत्तीसगढ़ी संगीत की शानदार प्रस्तुति दी, जिसका दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया।
कार्यक्रम में रही विशिष्ट उपस्थिति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, संतोष पात्र, जीतू सुराना, कुलवंत चहल, गोपाल दीक्षित, हिना श्रीवास्तव, पार्षद अश्वनी पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।













