3.51 लाख दीपों से जगमगाया कोण्डागांव, सेवा संकल्प का दिया संदेश
कोण्डागांव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोण्डागांव जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर में एक साथ 03 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को अभिव्यक्त किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित बंधा तालाब उद्यान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और कार्यक्रम ने जनभागीदारी एवं सामूहिक संकल्प का स्वरूप ले लिया।

अभियान के तहत जिला मुख्यालय के साथ जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, महतारी सदनों, अटल डिजिटल केंद्रों, प्रधानमंत्री आवासों, अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों तथा शासकीय कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
नक्सल प्रभावित गांवों से शहीद स्मारकों तक जले उम्मीद के दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में ऐसे गांवों को भी विशेष रूप से जोड़ा गया, जहां पूर्व में बड़ी नक्सली घटनाएं हुई हैं अथवा सुरक्षा एवं विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की गई हैं। शहीद स्मारकों, प्रतिमा स्थलों और सुरक्षा कैंपों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ जले हजारों दीपों ने एकजुटता, सेवा भावना और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा : लता उसेंडी

मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन विशेष है, क्योंकि इसी अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्र सेवा एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं।
सुश्री उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से बस्तर माओवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के अवसर मिले हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ : नरपति पटेल
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा एवं समर्पण की भावना को आगे बढ़ाते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देश सेवा और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, मनोज जैन, गोपाल दीक्षित, अनिल अग्रवाल, जैनेन्द्र ठाकुर, अश्विनी पांडे सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष: जिलेभर में 03 लाख 51 हजार से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से जोड़ने वाला प्रमुख आयोजन रहा।








