बस्तर हेडलाइन न्यूज
कोण्डागांव। जिले एवं आसपास के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव द्वारा 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को कलेक्टर परिसर, कोण्डागांव में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां 185 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले के माध्यम से फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट द्वारा फायरमैन के 20 पद, सिक्योरिटी गार्ड के 50 पद, फूड पैकिंग के 25 पद, ड्राइवर के 10 पद, वार्ड बॉय, वार्ड गर्ल एवं होम केयर टेकर सर्विसेस के 50 पद तथा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि., कोण्डागांव द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं फायर सेफ्टी डिप्लोमा निर्धारित की गई है। सामान्यतः अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है। कुछ पदों पर फ्रेशर अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा, जबकि कुछ पदों के लिए 0 से 1 वर्ष का अनुभव आवश्यक होगा। चयनित अभ्यर्थियों को पदानुसार 10 हजार रुपये से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी मूल दस्तावेज एवं उनकी छायाप्रति के साथ उपस्थित होने की अपील की है।
रोजगार कार्यालय ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से इस रोजगार मेले का लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त करने का आग्रह किया है।








