केशकाल में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर विधायक नीलकंठ टेकाम सख्त

लैंप्स अध्यक्षों की बैठक में किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, आगामी खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर

केशकाल में आगामी धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने विधानसभा क्षेत्र के सभी लैंप्स अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक अपने कार्यालय में आयोजित की। बैठक में पिछले खरीफ सीजन की धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की गई तथा केंद्रवार व्यवस्थाओं और सामने आई समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान विधायक ने प्रत्येक धान खरीदी केंद्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं लैंप्स अध्यक्षों से कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी, खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था अथवा किसानों से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उन्हें दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी लैंप्स अध्यक्षों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में आगामी धान खरीदी सीजन को बेहतर बनाने, केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा किसानों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Comment