माकड़ी थाना व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, राहगीरों पर करता था जानलेवा हमला – आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

कोण्डागांव जिले में एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। माकड़ी थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेन्द्र सोरी, निवासी भतवा ने थाना माकड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने जीजा मेहन्दु मरकाम (उम्र 30 वर्ष) एवं पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से बालोण्ड से भतवा जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बागबेड़ा और खुड़ी के बीच शाम करीब 7:30 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल सवार पर ईंट से जानलेवा हमला किया गया।
इस हमले में मेहन्दु मरकाम के सीने में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में माकड़ी पुलिस और साइबर सेल लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही।
मुखबिर की सूचना पर संदेही धनीराम मण्डावी (35 वर्ष), निवासी खुड़ी को ग्राम ओण्डरी से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी राह चलते मोटरसाइकिल सवारों पर पत्थर व ईंट से हमला करता था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था।
पुलिस ने आरोपी को 09 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, सउनि बोडकूराम नेताम, प्रधान आरक्षक मीनाराम मण्डावी सहित माकड़ी थाना स्टाफ एवं साइबर सेल कोण्डागांव की टीम का विशेष योगदान रहा।
“कानून के शिकंजे से नहीं बच पाया मौत का खेल खेलने वाला आरोपी, पुलिस की सतर्कता से मिला इंसाफ”

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai