जगदलपुर में होली पर सख्त सुरक्षा बंदोबस्त 400 जवान तैनात, नशे में वाहन चलाने पर होगी सख्त कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

जगदलपुर। रंगों के पावन पर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बस्तर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू कर दी है। 2 मार्च की रात्रि होलिका दहन तथा 3 व 4 मार्च को होली पर्व के मद्देनज़र शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगभग 400 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ब्लैक पैंथर दस्ता मोटरसाइकिल से लगातार गश्त करेगा। इसके साथ ही पेट्रोलिंग वाहन शहर एवं देहात क्षेत्रों में सतत सर्चिंग ऑपरेशन चलाते रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी

होली के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब की पुष्टि होने पर संबंधित वाहन जब्त कर कम से कम तीन दिन तक नहीं छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी

शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम में 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं रंगों की दुकानों को भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सार्वजनिक सुरक्षा के मद्देनज़र मास्क की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

माड़पाल क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात

इधर माड़पाल क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षित होली के लिए जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai