गम्हरी
विकास खंड बड़े राजपुर अन्तर्गत ग्राम पंचायत गम्हरी क्षेत्र में पिछले चार से पाँच दिनों से लगातार बिजली की आंख-मिचौली ने आमजन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों और खेतों में फसल की सिंचाई कर रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद रहे जयलाल राम नेताम,घसिराम नेताम, मालु राम बघेल, राजेन्द्र कुमार कश्यप, ईश्वर नेताम सुखराम नेताम,कारिया राम मरकाम, गाड़ो राम मरकाम,
इन दिनों जहां एक ओर विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं, वहीं बार-बार बिजली गुल होने से उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। शाम और रात के समय बिजली कटौती के कारण विद्यार्थियों को पर्याप्त रोशनी नहीं मिल पा रही, जिससे उनकी तैयारी बाधित हो रही है।
स्थानीय निवासी जगदीश पांडे ने बताया कि “पिछले 4-5 दिनों से लगातार बिजली की समस्या बनी हुई है। कभी भी बिजली चली जाती है और घंटों तक वापस नहीं आती। बोर्ड परीक्षा के समय यह स्थिति विद्यार्थियों के लिए बेहद चिंताजनक है।”
वहीं किसानों की चिंता भी कम नहीं है। खेतों में लगी फसलों की सिंचाई पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से समय पर पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
किसान चैतन राम नेताम ने कहा कि “हम किसानों ने बड़ी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की है। सिंचाई के लिए बिजली जरूरी है, लेकिन लगातार बिजली की आंख-मिचौली से हम सभी किसान परेशान हैं।”
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो विद्यार्थियों की परीक्षा परिणाम और किसानों की मेहनत दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बोर्ड परीक्षा अवधि को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसानों के लिए नियमित समय-सारणी के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी फसल सुरक्षित रह सके।










