कलेक्टर व एसपी ने कानून व्यवस्था को लेकर ली संयुक्त बैठक शांति व्यवस्था बनाए रखने, सूचना तंत्र मजबूत करने व त्यौहारों की तैयारी के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा द्वारा जिला कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त बैठक आयोजित कर जिले की कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि मैदानी स्तर पर कार्यरत अमला सतर्क एवं सक्रिय रहे, ताकि किसी भी आपातकालीन घटना की सूचना तत्काल प्राप्त हो सके तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आगामी त्यौहारों एवं विभिन्न मेलों के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने को कहा।

इस दौरान अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीएम अजय उरांव, अश्वन पुसाम, सुश्री आकांक्षा नायक सहित जिले के सभी एसडीओपी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai