कोण्डागांव।
जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देश पर कोण्डागांव पुलिस ने ठोस कदम उठाया है। उनके मार्गदर्शन में आज साइबर सेल कार्यालय में जिले के सभी WiFi प्रोवाइडर, कंप्यूटर सेंटर संचालक और चॉइस सेंटर संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय एवं उनकी टीम ने की। इसमें साइबर अपराध के बदलते तरीकों, उससे जुड़े खतरों और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
साइबर अपराधियों के नए हथकंडे उजागर
पुलिस ने बताया कि:
साइबर अपराधी अक्सर पब्लिक WiFi का दुरुपयोग करते हैं।
ठगी की रकम निकालने के लिए चॉइस सेंटरों के बैंक खातों को “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

कई मामलों में कंप्यूटर सेंटरों का दुरुपयोग भी पाया गया है।
सख्त हिदायतें जारी
बैठक में संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि:
WiFi का पासवर्ड मजबूत रखें और नियमित रूप से बदलें।
किसी अनजान व्यक्ति को पासवर्ड साझा न करें।
चॉइस सेंटरों में रकम जमा-निकासी का पूरा रजिस्टर अनिवार्य रूप से मेंटेन करें।
कंप्यूटर सेंटर में प्रत्येक उपयोगकर्ता का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया जाए।
पुलिस की चेतावनी
साइबर सेल ने साफ किया कि यदि किसी WiFi या चॉइस सेंटर का इस्तेमाल साइबर अपराध में पाया गया, तो संचालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी और विधिक कार्रवाई की जाएगी।











