ग्राम मरंगपुरी में प्रतिभा का सम्मान पुलिस में चयनित युवाओं व 10वीं के टॉपर्स का भव्य अभिनंदन समारोह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मारंगपुरी।
बड़े राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मारंगपुरी में शनिवार को गौरव, उत्साह और प्रेरणा से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। ग्राम के होनहार युवाओं के पुलिस बल में चयन तथा वर्ष 2025 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर ग्राम मारंगपुरी के युवा दुर्गेश वैध (बीएसएफ) एवं लोकेंद्र मरकाम (सीआरपीएफ) के पुलिस सेवा में चयन पर पूरे गांव ने हर्ष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं, मिठाइयों और तालियों के साथ दोनों जवानों का भव्य स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि इन युवाओं की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे ग्राम मारंगपुरी का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा की भावना आज गांव के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

समारोह में वर्ष 2025 की 10वीं कक्षा के टॉपर छात्र-छात्राओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की इस सफलता का श्रेय उनके माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम संरपच रवि मरकाम व जनप्रतिनिधि वरिष्ठजनों ने कहा कि ग्राम मारंगपुरी निरंतर शिक्षा, अनुशासन और सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने चयनित पुलिस जवानों एवं मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में गर्व, उत्साह और प्रेरणा का वातावरण बना रहा, जिसने ग्राम मारंगपुरी को एक नई पहचान प्रदान की।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai