ओण्डरी में जिला स्तरीय पशु व किसान मेला सम्पन्न, विकास कार्यों का भूमिपूजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव। माकड़ी विकासखण्ड के ग्राम ओण्डरी में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पशु मेला-उत्सव, प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता तथा कृषि विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय जैविक एवं तिलहन किसान मेला का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लता उसेंडी रहीं।

मुख्य अतिथि श्रीमती उसेंडी ने ग्राम ओण्डरी में 200 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य (लागत 6 लाख रुपये) तथा प्रज्ञा मण्डल के पास सांस्कृतिक भवन के जीर्णोद्धार कार्य (विधायक निधि, लागत 2.50 लाख रुपये) का विधिवत भूमिपूजन किया।

अपने उद्बोधन में विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि पशुपालन और जैविक खेती किसानों की आय बढ़ाने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए पशुपालन, जैविक खेती और तिलहन उत्पादन को लगातार प्रोत्साहन दे रही है। ऐसे मेलों से किसानों को नई तकनीक, उन्नत नस्लों और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, नंदलाल राठौर, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, श्रीमती रदमा बघेल, श्री मेघलाल पोयाम (सभापति, कृषि स्थायी समिति) सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत सदस्यगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

मेला परिसर में पशुओं की प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएँ तथा कृषि नवाचारों के प्रदर्शन ने किसानों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। आयोजन को लेकर किसानों एवं ग्रामीणों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai