बाल संरक्षण प्रणालियों में मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त करने दो दिवसीय पायलट प्रशिक्षण संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोण्डागांव जिले में बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक संवेदनशील व प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बाल संरक्षण प्रणालियों में मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक देखभाल को शामिल करने हेतु दो दिवसीय पायलट प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में, UNICEF राज्य कार्यालय छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षकों द्वारा किशोर न्याय बोर्ड, कोण्डागांव में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण 08 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक चला।

क्षमता संवर्धन पर रहा विशेष फोकस

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सेवा प्रदाताओं, देखभालकर्ताओं एवं बाल संरक्षण अधिकारियों की क्षमताओं का मूल्यांकन करना, बच्चों की मदद करने के कौशल को मजबूत करना तथा हानिकारक व्यवहार को कम करने की रणनीतियों को समझाना रहा।
रोल प्ले, समूह चर्चा एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन जानकारी दी गई।

बच्चों से संवाद और संवेदनशीलता पर दिया गया जोर

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने, उन्हें खुलकर अपनी बात कहने के लिए प्रेरित करने, सक्रिय व ध्यानपूर्वक सुनने की क्षमता विकसित करने, समानुभूति की समझ बढ़ाने, आत्महत्या के जोखिम का आकलन एवं प्रबंधन तथा बच्चों की ताकतों और चुनौतियों को पहचानने पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया।

इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सामाजिक मनोविज्ञान, सुरक्षा एवं संरक्षण को बच्चों के समग्र विकास की मजबूत नींव के रूप में प्रस्तुत किया गया।

आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में पहल

इस प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को सही समझ, मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वासी, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

विभिन्न विभागों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग कोण्डागांव के अंतर्गत जिला महिला सशक्तिकरण, मिशन वात्सल्य, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति तथा बाल देखरेख संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai